14 अप्रैल 2026
कटनी:
कटनी में एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां बिहार से दूसरे राज्यों में ले जाए जा रहे 163 बच्चों को रेलवे स्टेशन पर उतारकर पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया। ये सभी बच्चे गरीब मुस्लिम परिवारों से बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ मानव तस्करी का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, ये बच्चे बिहार से महाराष्ट्र, कर्नाटक और गुजरात के मदरसों में ले जाए जा रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चों को धार्मिक शिक्षा देने के नाम पर लंबे समय से इस तरह दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा था। कटनी जीआरपी ने सभी बच्चों को उनके परिजनों से संपर्क कर पूछताछ के लिए बुलाया है और बच्चों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ये बच्चे बिहार के अररिया जिले के रहने वाले हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच अब इंटेलिजेंस ब्यूरो तक पहुंच गई है। सोमवार को पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की।
इस बीच बिहार से कुछ बच्चों के अभिभावक भी कटनी पहुंचे। उन्होंने अपने बयान में कहा कि उन्होंने बच्चों को धार्मिक शिक्षा के लिए मदरसों में भेजा था। वहीं पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आखिर बिहार में मदरसों के होते हुए बच्चों को दूसरे राज्यों में क्यों ले जाया जा रहा था।
एक अन्य जानकारी के अनुसार, पटना-पुणे एक्सप्रेस ट्रेन से इन बच्चों को ले जाया जा रहा था। बच्चों की उम्र करीब 7 से 15 साल के बीच बताई गई है। पुलिस ने सभी बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर रखा है, जिनमें कटनी और जबलपुर के बाल संरक्षण गृह शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बच्चों को किस उद्देश्य से और किन परिस्थितियों में दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा था।


Leave a Reply