नई दिल्ली / भोपाल
भारतीय रेल क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली ‘हाइड्रोजन संचालित ट्रेन’ का उद्घाटन किया है। पीएम मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर इस अत्याधुनिक ट्रेन को रवाना किया। यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच  89 किलोमीटर के ट्रैक पर चलाई जाएगी, जिससे दोनों स्टेशनों के बीच का सफर केवल 2 घंटे में पूरा हो सकेगा।
इस बड़ी कामयाबी के साथ ही भारत अब जर्मनी, फ्रांस, अमेरिका और चीन जैसे चुनिंदा देशों की कतार में शामिल हो गया है, जिनके पास हाइड्रोजन ट्रेन तकनीक उपलब्ध है। भारत विश्व का ऐसा 5वाँ देश बन गया है।

मुख्य बातें और तकनीकी विशेषताएँ
यह अत्याधुनिक ट्रेन 10 डिब्बों  वाली है, जो पूरी तरह से 1200 किलोवाट के हाइड्रोजन फ्यूल-सेल सिस्टम से संचालित होगी।
इस ट्रेन के संचालन से किसी भी प्रकार का प्रदूषण, धुआं या हानिकारक गैस नहीं निकलेगी। ईंधन के तौर पर हाइड्रोजन का उपयोग होने के कारण यह केवल पानी उत्सर्जित करेगी।
नई तकनीक से लैस इस ग्रीन ट्रेन की अधिकतम रफ़्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है।

रेलवे के बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व बदलाव
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल के विद्युतीकरण की शुरुआत साल 1925 में हुई थी। लेकिन वर्ष 2014 तक, यानी लगभग 90 वर्षों में देश का सिर्फ 30 प्रतिशत रेल नेटवर्क ही बिजली पर आ सका था। अगर उसी पुरानी रफ़्तार से काम चलता रहता, तो पूरे देश के रेलवे का विद्युतीकरण करने में करीब 300 साल का समय लग जाता। उन्होंने कहा
> “पिछले 12 वर्षों में देश का लगभग 99 प्रतिशत रेल नेटवर्क पूरी तरह से विद्युतीकृत (Electrified) किया जा चुका है।”
>
रेल मंत्री ने इंजीनियरों को सराहा,  ट्रेन के दिल्ली तक विस्तार की योजना
इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारतीय इंजीनियरों के हुनर और कड़ी मेहनत को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और देश के तकनीकी दिग्गजों की मेहनत का परिणाम है। रेल मंत्री ने यह भी बताया कि भविष्य में इस हाइड्रोजन ट्रेन सेवा का विस्तार दिल्ली तक करने की योजना पर काम चल रहा है।

टिकट दर और समय-सारणी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रेन जींद से सुबह 7:40 बजे रवाना होगी और सुबह 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। शुरुआती तौर पर यात्रियों की सुविधा के लिए इसका किराया बेहद कम रखा गया है। जींद से सोनीपत के बीच के इस सफर के लिए यात्रियों को मात्र 25 रुपये का टिकट लेना पड़ेगा।

हरियाणा को मिली ₹15,000 करोड़ की अन्य सौगातें
वैश्विक स्तर पर जारी ईरान और अमेरिका के तनावपूर्ण हालातों के बीच भी देश में विकास कार्यों की गति धीमी नहीं पड़ी है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा राज्य के विकास के लिए लगभग 15000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।

Share