21 मई 2026
भोपाल:
राजस्थान की तपती हवाओं ने बिगाड़ा मौसम का मिजाज, प्रदेश के 54 जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी, दमोह-नौगांव में पारा 46 के पार।
मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। राजस्थान की तरफ से आ रही बेहद गर्म थपेड़ों और गर्म हवाओं (लू) ने पूरे प्रदेश के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बुधवार को राज्य में गर्मी अपने चरम पर रही, जिसके चलते छतरपुर जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पूरे देश का तीसरा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया।
अगर देश भर की बात करें, तो तमिलनाडु का कोविलपट्टम 49.6 डिग्री के साथ पहले नंबर पर और उत्तर प्रदेश का बांदा 48 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
54 जिलों में मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एचएस पांडे के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 54 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसे तीन श्रेणियों में बांटा गया है:
रेड अलर्ट (तीव्र लू):दतिया, भिंड, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में भयंकर लू चलने की चेतावनी है। यहाँ लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
ऑरेंज अलर्ट (गंभीर लू): राजधानी भोपाल, विदिशा, रायसेन, ग्वालियर, मुरैना, गुना, शिवपुरी, सागर, दमोह, रीवा, मैहर और कटनी समेत कई जिलों में सूरज के तेवर बेहद तीखे रहेंगे।
येलो अलर्ट (लू की चेतावनी): सीहोर, नर्मदापुरम, उज्जैन, देवास, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जैसे जिलों में भी गर्म हवाएं परेशान करेंगी।
दिन के साथ-साथ रातें भी हुईं बेहद गर्म
मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। अब सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी तपने लगी हैं। रात के न्यूनतम तापमान की बात करें तो रायसेन में 31.4 डिग्री, राजगढ़ में 30.4 डिग्री और सागर में 30.0 डिग्री सेल्सियस का रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को रात में भी चैन नहीं मिल रहा है।
उत्तर भारत का भी बुरा हाल
मध्य प्रदेश के साथ-साथ पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है। उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार चौथे दिन दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जहाँ बुधवार को पारा 48 डिग्री पहुंच गया। राहत की बात माने जाने वाले पहाड़ी इलाकों जैसे जम्मू-कश्मीर के कठुआ में तापमान 44.6 डिग्री और हिमाचल प्रदेश के ऊना में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक इस स्थिति से राहत न मिलने की आशंका जताई है।


Leave a Reply