Share

22 जून 2026

अगर आप आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले हैं या वहां उतरने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. राजधानी में 23 जून से लेकर 25 जून तक हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट आने और जाने के लिए पहले से ही अतिरिक्त तैयारी और इंतजाम करके रखने होंगे.
दरअसल, ऑनलाइन टैक्सी एग्रीगेटर कंपनियों की नीतियों से परेशान होकर टैक्सी चालकों ने तीन दिन की बड़ी हड़ताल पर जाने का फैसला कर लिया है.

नहीं होगी कोई ऑनलाइन बुकिंग, वैकल्पिक रास्तों का ही सहारा
टैक्सी चालक संघ ने साफ कर दिया है कि इस तीन दिवसीय आंदोलन के दौरान वे किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए मिलने वाली बुकिंग को स्वीकार नहीं करेंगे. इसका सीधा असर भोपाल एयरपोर्ट पर मिलने वाली टैक्सी सेवाओं पर पड़ेगा. ऐसे में फ्लाइट पकड़ने वाले या एयरपोर्ट से बाहर आने वाले मुसाफिरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है और उन्हें अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए परिवहन के दूसरे
वैकल्पिक साधनों का सहारा ढूंढना पड़ेगा.

आखिर क्यों गुस्से में हैं टैक्सी चालक?
टैक्सी चालक संघ के महासचिव राजेशकुमार नागले ने बताया कि यह गुस्सा अचानक नहीं फूटा है. इससे पहले भी चालकों ने अपनी मांगों को लेकर 7 फरवरी और फिर इसी महीने 12 जून को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर एक सांकेतिक धरना दिया था और शासन-प्रशासन के अधिकारियों को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा था. प्रशासन को चेतावनी देने के बाद भी जब टैक्सी चालकों की मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो मजबूर होकर उन्हें इस तीन दिवसीय बड़े आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा.

कम पैसे देने और मनमानी करने का आरोप
हड़ताल पर जा रहे ड्राइवरों का सीधा आरोप है कि बड़ी-बड़ी एग्रीगेटर कंपनियां राज्य सरकार द्वारा तय किए गए किराए के नियमों को लागू नहीं कर रही हैं. वे ड्राइवरों को सरकार की तय दरों से भी काफी कम भुगतान कर रही हैं, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है. टैक्सी संघ का साफ कहना है कि जब तक कंपनियों द्वारा किराया नहीं बढ़ाया जाता और सरकार की तय दरों को पूरी तरह से लागू नहीं किया जाता, तब तक इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं निकल सकता.


Share