2 सितंबर 2026:
मध्य प्रदेश भोपाल:

करोंद स्थित कृषि उपज मंडी के इतिहास में पहली बार प्याज की सरकारी स्तर पर नीलामी की गई। पहले दिन मंडी में 700 क्विंटल प्याज की आवक हुई जिसका 3900/4200 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से विक्रय हुआ। ऊंचे भाव से किसानों को आर्थिक रूप से लाभ मिला, लेकिन उपभोक्ता वर्ग को 42 से 45 रुपए तक मिलने का अनुमान था। पहली सरकारी बोली मंडी के उप संचालक नरेश परमार ने लगाई। ग्राम बड़झिरी के किसान संतोष कुमार का 30 कट्टे प्याज वसीम ट्रेडर्स ने 3900 रुपए प्रति क्विटल के भाव में खरीदा।

50 रुपए से ऊपर चल रहे  प्याज के भाव:

वर्तमान में खुदरा में प्याज के भाव 40 से 50 रुपए (क्वालिटीनुसार) बेचा जा रहा है। मिसरोद के कृषक भागीरथ पाटीदार का कहना है कि गर्मी की रखी हुई प्याज अब किसान मंडी में ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धी मूल्य मिलने से कृषकों को फायदा मिलेगा।

सबसे ऊंची प्याज 4200 रुपए प्रति क्विटल के भाव में मोहम्मद सलमान ने ग्राम खाईखेड़ा के किसान रणजीत सिंह से क्रय किया। मंडी के उप संचालक नरेश परमार ने बताया कि नीलामी में जिन किसानों की प्याज बिकी उन्हें ऊंचे दाम मिले। किसान
भी इस सरकारी नीलामी व्यवस्था की लंबे समय से मांग कर रहे थे। प्याज की नीलामी में मंडी समिति के मंडी निरीक्षक जीवन सिंह राजपूत, रघुवीर शर्मा, विनोद भार्गव, नसीम खान, इन्द्रमणि, राजीव मित्रा दुबे, राहुल, महेंद्र परिहार मौजूद थे।

Share