8 अप्रैल 2026
भोपाल।

राजधानी के पॉश इलाके में शामिल राजभवन रोड पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। लोक भवन (राजभवन) के सामने मुख्य सड़क अचानक धंस गई, जिससे जमीन के नीचे दबी 50 साल पुरानी मुख्य पाइप लाइन फट गई। देखते ही देखते हजारों लीटर पानी सड़कों पर बहने लगा और सड़क का एक बड़ा हिस्सा तालाब में तब्दील हो गया।
क्या है पूरा मामला
यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 1:00 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजभवन के सामने घाटी पर सड़क अचानक नीचे की ओर धंस गई। सड़क धंसने के दबाव से नीचे से गुजर रही पाइप लाइन फट गई। यह पाइप लाइन ईदगाह हिल्स फिल्टर प्लांट से जुड़ी है, जो 24 घंटे चालू रहती है। पाइप लाइन फटने से सड़क पर करीब आधा फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को निकलने में भारी परेशानी हुई।

लापरवाही आई सामने: वीआईपी मूवमेंट के बीच खतरा
हैरानी की बात यह रही कि इतनी गंभीर स्थिति होने के बावजूद पुलिस और प्रशासन ने तुरंत ट्रैफिक डायवर्ट नहीं किया। सड़क का हिस्सा जर्जर हो चुका था, फिर भी गाड़ियां वहां से गुजरती रहीं। इसी दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का काफिला भी उसी खतरनाक हिस्से से होकर गुजरा। इतना ही नहीं, निगम की मलबे से भरी एक ट्रक भी उसी धंसी हुई सड़क के ऊपर से निकली, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था।
सड़क धंसने के मुख्य कारण
सड़क के नीचे बिछी पाइप लाइन 50 साल से भी ज्यादा पुरानी है, जो अब जर्जर हो चुकी है।
मछली घर तिराहे के पास नया कन्वेंशन सेंटर बन रहा है, जिसकी वजह से पिछले कुछ दिनों से इस रूट पर भारी वाहनों का आना-जाना बढ़ गया है। अतिरिक्त भार के कारण पुरानी पाइप लाइन और सड़क इसे झेल नहीं पाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में पहले भी कई जगह सड़कें धंस चुकी हैं (जैसे जुलाई में ज्योति टॉकीज और अक्टूबर में सुखी सेवनिया के पास), लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।

कांग्रेस ने सड़क पर बैठकर जताया विरोध
हादसे की जानकारी मिलते ही युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। जिला अध्यक्ष अमित खत्री के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धंसी हुई सड़क पर बैठकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस का आरोप है कि राजधानी की सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता की कमी है और प्रशासन जनता की जान से खिलवाड़ कर रहा है।

घटना के कई घंटों बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पाइप लाइन की मरम्मत का काम शुरू किया गया। फिलहाल ईदगाह हिल्स फिल्टर प्लांट से होने वाली पानी की सप्लाई रोक दी गई है, ताकि मरम्मत का काम पूरा किया जा सके। देर शाम तक सड़क के एक हिस्से को बंद कर काम जारी था।