रायसेन-भोपाल मार्ग से एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सेहतगंज टोल प्लाजा के पास एक क्रॉसिंग के दौरान दो तेज रफ्तार बसें आपस में बुरी तरह टकरा गईं। इस भीषण एक्सीडेंट में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल और पास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है l
इतना खौफनाक था मंजर, एक यात्री का सिर धड़ से अलग हुआ
चश्मदीदों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि एक यात्री का सिर फटकर दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में घायल हुए अधिकांश यात्रियों के सिर, चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
मृतकों में बेगमगंज के राष्ट्रीय कवि भी शामिल
इस दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान हो चुकी है:
नीतेश व्यास (28 वर्ष): ये एक राष्ट्रीय कवि थे और सुल्तानपुर के पंडा टेकापार के रहने वाले थे। वह बेगमगंज से भोपाल जा रहे थे।
माखन लोधी (29 वर्ष): ये बेगमगंज के पचीपुरा के निवासी थे।
दीपेश अहिरवार (15 वर्ष): ये सुल्तानगंज के रहने वाले थे और मजदूरी के काम के सिलसिले में भोपाल जा रहे थे।
यह पूरा हादसा खरबई थाना चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुआ। यहाँ कल्पना ट्रैवल्स की बस (क्रमांक एमपी-33-जेडसी-7770) और शक्ति ट्रैवल्स की बस (क्रमांक एमपी-04-पीए-3820) के बीच क्रॉसिंग करते समय जोरदार टक्कर हो गई।
ड्राइवरों की लापरवाही और तेज रफ्तार बनी काल
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि दोनों ही बसों के ड्राइवर वाहनों को बहुत तेज रफ्तार में और लापरवाही से चला रहे थे, जिसकी वजह से वे गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाए। शक्ति ट्रैवल्स की बस सागर से भोपाल की तरफ जा रही थी, जबकि दूसरी बस भोपाल से केसली की ओर जा रही थी। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग भोपाल जा रही बस में सवार थे।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, मुआवजे का ऐलान
घटना की जानकारी मिलते ही रायसेन के कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और एसपी आशुतोष गुप्ता तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करवाया। इसके साथ ही स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने अस्पताल पहुंचकर घायल मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। सरकार की तरफ से इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की बड़ी घोषणा की गई है।


Leave a Reply