7 मार्च 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश की सरकार ने किसानों को राहत देते हुए इस बार गेहूं की खरीद 2625 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से करने का फैसला किया है। इसके साथ ही सरकार समर्थन मूल्य पर प्रति क्विंटल 40 रुपये का अतिरिक्त बोनस भी देगी।

सरकार ने किसानों की सुविधा को देखते हुए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी है, ताकि अधिक से अधिक किसान पंजीयन कराकर समर्थन मूल्य पर गेहूं बेच सकें।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि किसानों की सिंचाई की समस्या को ध्यान में रखते हुए रात के बजाय दिन में बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे खेती के काम में आसानी होगी।

सरकार ने गेहूं खरीद के लिए केंद्र से कोटा तय कराने के लिए भी संपर्क किया है। खाद्य आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के अनुसार अब तक लगभग 12 लाख किसान गेहूं बिक्री के लिए पंजीयन करा चुके हैं।

राज्य सरकार ने संकल्प पत्र में 2028 तक गेहूं की खरीद 2700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत भविष्य में समर्थन मूल्य के साथ अतिरिक्त बोनस भी दिया जाएगा।

मध्य प्रदेश की सरकार के द्वारा किसान कल्याण वर्ष होने के नाते किसानों को लेकर बड़े निर्णय किया जा रहे हैं। इसके तहत किसानों के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

मोहन सरकार ने किसानों के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया है और सरकार ने कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाओं को लागू किया है । सरकार का कहना है कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने किसानों की आय बढ़ाने ,खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कई योजनाओं और नीतियों पर काम किया जा रहा है।