8 June 2026
दमोह/पन्ना।
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। यहां सिमरिया थाना क्षेत्र के बनौली गांव में रहने वाली एक 18 वर्षीय युवती सपना के सिर में सोते समय बंदूक की गोली आकर धंस गई। हैरान करने वाली बात यह रही कि खुद युवती और स्थानीय डॉक्टर इसे पूरे 20 घंटे तक एक मामूली चोट समझते रहे। जब युवती का दर्द बर्दाश्त से बाहर हो गया, तब उसे दमोह जिला अस्पताल लाया गया जहां एक्स-रे रिपोर्ट में उसके सिर के भीतर गोली होने का खुलासा हुआ।
छत पर सोते समय अचानक हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, बनौली गांव निवासी स्वामी फग्गू की बेटी सपना शुक्रवार की रात को बिजली गुल होने के कारण अपने घर की छत पर सो रही थी। शनिवार सुबह जब वह सोकर उठी, तो उसके सिर में तेज दर्द था और खून बह रहा था। घरवालों को इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि क्या हुआ है, इसलिए वे सुबह करीब 7 बजे उसे गांव के ही एक लोकल डॉक्टर के पास ले गए। उस डॉक्टर ने भी लापरवाही बरतते हुए इस गहरे घाव को महज एक मामूली चोट समझ लिया और बिना किसी गंभीर जांच के उस पर पट्टी बांधकर युवती को वापस घर भेज दिया।
20 घंटे बाद जब बढ़ा दर्द, तब खुला राज
दिनभर बीत जाने के बाद भी जब सपना का सिरदर्द कम नहीं हुआ और वह दर्द से तड़पने लगी, तो उसने फोन पर अपनी बुआ हेमलता रैकवार को इसकी जानकारी दी। बुआ तुरंत अपने मायके बनौली पहुंचीं और परिजनों की मदद से शनिवार शाम को सपना को दमोह जिला अस्पताल लेकर आईं। यहां जब डॉक्टरों ने घाव की बारीकी से जांच की और एक्स-रे कराया, तो उनके होश उड़ गए। एक्स-रे में साफ दिख रहा था कि युवती के सिर के अंदर एक गोली धंसी हुई है। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इमरजेंसी ऑपरेशन का फैसला किया और सफलतापूर्वक गोली को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक फिलहाल मरीज की हालत में सुधार है, लेकिन गोली सिर में कितनी गहराई तक गई थी और अंदरूनी हिस्से को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी सटीक जानकारी के लिए सीटी स्कैन कराया जा रहा है।
हवाई फायर या गहरी साजिश? पन्ना पुलिस करेगी जांच
सपना के सिर में गोली कैसे लगी, इस बात से उसका परिवार पूरी तरह अनजान है। शुरुआती तौर पर कयास लगाए जा रहे थे कि यह हादसा किसी दूर से किए गए हवाई फायर के कारण हुआ है या फिर किसी ने रंजिश के तहत युवती पर जानबूझकर गोली चलाई थी। दमोह जिला अस्पताल की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। चूंकि घटना पन्ना जिले की है, इसलिए दमोह पुलिस ने पन्ना पुलिस को डायरी सौंप दी है और पन्ना पुलिस की एक टीम जांच के लिए दमोह अस्पताल पहुंच चुकी है।
रिश्ते के नाबालिग भाई ने चलाई थी गोली
अस्पताल में डॉक्टरों के ऑपरेशन के बाद पुलिस ने जब अपनी जांच शुरू की, तो सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई। जांच में पता चला है कि युवती के सिर में गोली किसी अजनबी ने नहीं, बल्कि उसके अपने ही रिश्ते के एक नाबालिग भाई ने मारी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। सिमरिया थाना के एसआई दीपक सिंह भदौरिया ने बताया कि नाबालिग की बुआ का लड़का उसके घर आया था और उसने ही यह गोली चलाई थी। फिलहाल पुलिस ने दमोह में मामला दर्ज कर केस डायरी पन्ना जिले के सिमरिया थाने भेज दी है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।


Leave a Reply