1 मई 2026

भोपाल:
देश के कई हिस्सों में चिलचिलाती गर्मी और लू के बीच मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर मध्य प्रदेश और बिहार तक तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन प्रभावित किया है। जहां एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ हादसों में कई लोगों की जान भी गई है।
दिल्ली-एनसीआर: दोपहर में ही हो गई रात
दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में गुरुवार को मौसम का हैरान करने वाला नजारा दिखा। दोपहर होते-होते आसमान में घने काले बादल छा गए और पूरे शहर में अंधेरा छा गया। देखते ही देखते तेज आंधी चली और कई इलाकों में ओले गिरे। गाजियाबाद के साहिबाबाद में ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि लोगों के घरों की पीवीसी चादरों तक में छेद हो गए।
मध्य प्रदेश: कहीं राहत तो कहीं आफत
मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी भोपाल समेत सतना, पन्ना और टीकमगढ़ में तेज आंधी के साथ बारिश हुई।
राज्य में सबसे अधिक 30 मिलीमीटर बारिश टीकमगढ़ में दर्ज की गई। इसके अलावा रीवा, सतना और खजुराहो में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
सागर, गुना और शिवपुरी जैसे इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने के कारण अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का यह दौर जारी रह सकता है। 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने वाला है।
बिहार और यूपी में भारी नुकसान
मौसम के इस बदले मिजाज ने उत्तर प्रदेश और बिहार में तबाही मचाई है।
आंधी-तूफान और बिजली गिरने की वजह से उत्तर प्रदेश में 13 लोगों की मौत की खबर है, जिसमें अकेले सुल्तानपुर में 7 लोग शामिल हैं। वहीं बिहार में भी 5 लोगों की जान गई है। पटना में आंधी के दौरान दीवार गिरने से 2 लोगों की मौत हुई।
तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिरने से घंटों तक सप्लाई बाधित रही।
बेंगलुरु: बारिश ने किया किताबों का नुकसान
कर्नाटक के बेंगलुरु में भी भारी बारिश ने अपना असर दिखाया है। यहाँ के एक मशहूर बुकशॉप में बारिश का पानी घुस जाने से लगभग पांच हजार से ज्यादा किताबें बर्बाद हो गईं। तस्वीरों में दुकान के अंदर किताबें पानी में तैरती नजर आईं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की आशंका है।
अचानक बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने और आंधी-तूफान के समय पक्के मकानों में शरण लेने की सलाह दी गई है।