*रिपब्लिक डे से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी*

khabar pradhan

संवाददाता

21 January 2026

अपडेटेड: 4:03 PM 0stGMT+0530

*रिपब्लिक डे से पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी*



नई दिल्ली — आगामी गणतंत्र दिवस को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।

इसी क्रम में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। एयरपोर्ट परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सख्त कर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ, दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती बढ़ा दी गई है। यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है। प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत किया गया है।

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान से पहले अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच में किसी प्रकार की असुविधा न हो। बिना वैध दस्तावेजों के किसी भी व्यक्ति को टर्मिनल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।

गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी के संवेदनशील इलाकों के साथ-साथ हवाई अड्डों को भी विशेष सुरक्षा श्रेणी में रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर सतर्क हैं और हर स्तर पर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं l

गणतंत्र दिवस परेड और उससे जुड़े कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रवेश बिंदुओं पर सघन जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गश्त बढ़ा दी गई है, वहीं आधुनिक निगरानी उपकरणों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को दें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें l

टिप्पणियां (0)