Share

23 मार्च 2026
भोपाल। डिजिटल दौर में साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन समय रहते शिकायत करने पर पीड़ितों को अपना पैसा वापस मिलने की संभावना भी रहती है। पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार होने पर तुरंत कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।

विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे ही किसी तरह की ठगी का पता चले, तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करना चाहिए। इसके अलावा संबंधित बैंक और साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि ट्रांजेक्शन को रोका जा सके। ठगी होने पर शुरुआती 1 से 2 घंटे गोल्डन आवर रहते हैं l इस दौरान यदि शिकायत दर्ज कर दी जाए तो उस ट्रांजैक्शन को ट्रैक करके पैसे को फ्रीज करने की संभावना ज्यादा होती है l

जानकारी के मुताबिक, जितनी जल्दी शिकायत की जाती है, उतनी ही ज्यादा संभावना रहती है कि ठगी गई रकम को वापस पाया जा सके। कई मामलों में त्वरित कार्रवाई से लोगों को उनका पैसा लौटाया भी गया है।

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंक डिटेल्स या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और सतर्क रहें। जागरूकता और तुरंत कदम उठाने से ही साइबर फ्रॉड से बचाव संभव है।


Share