Share

1 July 2026 : मध्य प्रदेश/भोपाल/

अशोका गार्डन क्षेत्र के सुभाष नगर में मंगलवार सुबह एक चिंताजनक घटना घटी । जहां एक युवक 9 वर्षीय बच्चे को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया । आरोपी ने खुद को बच्ची के पिता का दोस्त बताया और उसे आइसक्रीम दिलाने का लालच दिया ।

जानकारी के अनुसार बच्ची सुबह घर के पास खेल रही थी, इसी दौरान  एक बाइक सवार युवक उसके पास पहुंचा और बातचीत कर विश्वास जीतने की कोशिश की । आरोपित ने कहा मैं तुम्हारे पापा का दोस्त हूं और उसे आइसक्रीम खिलाने का लालच देने लगा । बच्ची के मना करने के बावजूद आरोपित ने उसे जबरन बहला फुसलाकर बाइक पर बैठा लिया । इसके बाद वह बच्ची को अपने साथ लेकर अलग-अलग इलाकों जैसे कमला पार्क, चिनार पार्क और ठंडी सड़क में घूमता रहा । कुछ समय बाद बच्ची को स्थिति पर संदेह हुआ उसने साहस दिखाते हुए बाइक रुकवाने की कोशिश की । तब वह व्यक्ति पी एंड टी चौराहा पर उसे छोड़कर भाग गया । वहां मौजूद एक पुलिस कर्मी ने बच्ची को रोते देखा उसकी बातें सुनी फिर वह उसे सकुशल अशोका गार्डन थाने में लेकर आया ।

पुलिस की मदद से बच्ची सुरक्षित घर पहुंची । पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी । इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं l जिनमें संदिग्ध युवक दिखाई दिया है ।उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी है ।

विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों को यह समझाना जरूरी है कि, वह किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ न जाए चाहे वह परिवार का परिचित होने का दावा ही क्यों ना करें । आपात स्थिति में तुरंत शोर मचाना और भरोसेमंद वयस्क या पुलिस से संपर्क करना सिखाना चाहिए।


Share