Share

22 जून 2026
मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में राज्य स्तरीय योग समारोह का आयोजन किया गया, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। सफेद सलवार-कुर्ता पहने राष्ट्रपति ने वहां मौजूद हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि योग पूरी दुनिया को भारत की ओर से दी गई एक अनमोल सांस्कृतिक विरासत है, जो वैश्विक चुनौतियों के बीच पूरी मानवता को शांति और सद्भाव की ओर ले जाने में बड़ी भूमिका निभाता है।
इस मौके पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार समेत कई बड़े जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश योगियों की तपस्थली रहा है और राज्य सरकार ‘हर घर योग’ अभियान के जरिए इसे जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है।

शून्य से भी कम तापमान में सेना के जवानों का हौसला
योग दिवस का सबसे अद्भुत नजारा सियाचिन युद्धक्षेत्र में देखने को मिला। यहाँ भारतीय सेना के जवानों ने शून्य से भी कम तापमान और हाड़ कंपा देने वाली ठंड में योग करके अपने अदम्य साहस का परिचय दिया। सेना के ‘सियाचिन स्निफर्स’ कहे जाने वाले प्रशिक्षित श्वान (ट्रेनिंग पाए हुए कुत्ते) भी इस योग सत्र का हिस्सा बने। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने असम के तेजपुर में और उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने नई दिल्ली के करियप्पा ग्राउंड में आयोजित योग सत्रों में भाग लिया, जिसमें 3,500 से अधिक लोग शामिल हुए।
ऐतिहासिक इमारतों औरमदरसों में भी उमड़ा जनसैलाब
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित देश भर के 3,686 ऐतिहासिक स्थलों और स्मारकों पर भी बड़े स्तर पर योग सत्र आयोजित किए गए। उत्तर प्रदेश के आगरा में बने विश्व प्रसिद्ध ताजमहल से लेकर तेलंगाना के वारंगल किले तक लोगों ने बढ़-चढ़कर योग किया। वहीं, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और एटा जिलों के मदरसों में भी सैकड़ों छात्रों ने विशेष योग सत्रों में भाग लेकर इस दिन को खास बनाया।

अन्य वीवीआईपी का योग संदेश
योग दिवस के मौके पर देश के अन्य हिस्सों में भी बड़े नेताओं ने योग किया। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने लद्दाख के स्पितुक में बने एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में सैकड़ों लोगों के साथ योगासन किए, वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी किला परिसर में आयोजित योग सत्र में हिस्सा लिया।


Share