शिव पार्वती की शादी की तैयारियों ने पकड़ा जोर
संवाददाता
24 February 2025
अपडेटेड: 12:06 PM 0thGMT+0530
एकादशी से शुरू हुए शादी की तैयारियाँ, शिवरात्रि पर लेंगे शिव पार्वती प्रेम के फेरे
उत्तर प्रदेश। काशी में आज से महादेव के विवाहोत्सव की हल्दी का कार्यक्रम शुरू होगा। इस बार आयोजन खास है क्योंकि एक ओर महाकुंभ से नागा सन्यासियों का काशी में नगर प्रवेश हुआ है दूसरी ओर महंत आवास पर होने वाले कार्यक्रम की शोभा और विशेष होने वाली है। श्री निरंजनी पंचायती अखाड़ा के साधू सन्यासी नागा दिगम्बर खुशहाल भारती के नेतृत्व में नागा सन्यासी इस बार मेवाड़ की हल्दी बाबा को अर्पित करेंगे।
बाबा की शादी ने पकड़ा जोर, शिव रात्रि पर होंगे शिवपार्वती के दर्शन
पहले शाम छह बजे मणिकर्णिका घाट से डमरू बजाते यात्रा निकाली जाएगी और टेढ़ी नीम महंत आवास पर पहुंचकर नागा साधु महादेव को अपने द्वारा लाई गई भेंट अर्पण करेंगे। महिलाएं गीत गाएंगी और हल्दी की रस्म अदा होगी। इसके साथ ही भोलेनाथ और माता गौरा के लिए भी इस बार खास परिधान और इसके साथ ही आभूषण लाया गया है जो मेवाड़ के रंग में रंगा होगा।
फाल्गुन मास की कृष्णपक्ष की चतुर्दशी पर 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर शिव-पार्वती विवाह के पूर्व उत्सव का क्रम आज से विश्वनाथ मंदिर के टेढ़ीनीम स्थित पूर्व महंत आवास पर शुरू हो जाएगा। बाबा के रजत विग्रह के समक्ष हल्दी तेल के लोकाचार में काशीवासियों के साथ ही महाकुम्भ से लौटे साधु-संन्यासी भी शामिल होगे।