छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री हुई छावा, अब लोगो को नहीं देना होगा कोई टैक्स
संवाददाता
27 February 2025
अपडेटेड: 8:58 AM 0thGMT+0530
इतिहास से जोड़ने और युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम एवं शौर्य को बढ़ावा देगी फिल्म छावा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म ‘छावा’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री कर दिया है। उन्होंने राजिम कुंभ के आयोजन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान यह घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छावा फिल्म को टैक्स फ्री करने का निर्णय छत्तीसगढ़ की जनता को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम एवं शौर्य की भावना जागृत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘छावा’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि ऐतिहासिक परंपराओं, वीरता और स्वाभिमान की गाथा है, जिसे हर नागरिक को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह फिल्म युवा वर्ग को प्रेरित करेगी और छत्रपति संभाजी महाराज के शौर्य, बलिदान और नेतृत्व को व्यापक रूप से प्रस्तुत करेगी
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार ऐसी फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो समाज को प्रेरणा देती हैं और सांस्कृतिक चेतना को जाग्रत करती हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी फिल्मों को प्रोत्साहित करती रहेगी, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी अपने गौरवशाली अतीत से जुड़ी रहे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने वहां की जनता, विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे इस फिल्म को देखें और भारतीय इतिहास के उन स्वर्णिम पन्नों को समझें।
वीर शिवाजी के जीवन पर आधारित है छावा:
छावा ऐतिहासिक एक्शन फिल्म है। यह फ़िल्म मराठा साम्राज्य के द्वितीय छत्रपति राजा सम्भाजी जी के जीवन पर आधारित है। फिल्म शिवाजी सावंत के मराठी उपन्यास ‘छावा’ का रूपांतरण है