3 अगस्त 2026:
मध्य प्रदेश/ उज्जैन/
उज्जैन के वरिष्ठ बीजेपी नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री पारस जैन का निधन हो गया है। 77 वर्षीय पारस जैन ने इंदौर के एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली । वे पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था ।
पारस जैन उज्जैन उत्तर विधानसभा सीट से कई बार विधायक रहे और मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री भी बने । उन्होंने वन, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली । मालवा-निमाड़ क्षेत्र में वे बीजेपी के बड़े नेताओं में शामिल थे। उन्हें पहलवान के नाम से भी जाना जाता था। उनके निधन की खबर से बीजेपी में शोक की लहर है ।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उन्हें जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पित नेता बताया । वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी पारस जैन के निधन पर दुख जताया । उन्होंने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को शक्ति देने की प्रार्थना की। उनका अंतिम संस्कार उज्जैन में किया गया।


Leave a Reply