17 मई 2026
नई दिल्ली:
नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। केमिस्ट्री का पेपर लीक करने वाले लेक्चरर पीवी कुलकर्णी की गिरफ्तारी के बाद, अब सीबीआई ने बायोलॉजी का पेपर लीक करने वाली दूसरी लेक्चरर मनीषा गुरुनाथ मंदारे को भी गिरफ्तार कर लिया है। कुलकर्णी की ही तरह मनीषा भी पुणे की रहने वाली हैं और बॉटनी (वनस्पति विज्ञान) की लेक्चरर हैं।
इस मामले में पहले गिरफ्तार हो चुकीं आरोपी मनीषा बायमारे के घर पर मनीषा गुरुनाथ मंदारे ने छात्रों को बॉटनी, स्पेशल क्लास में बॉटनी और जूलॉजी दोनों के प्रश्न पत्र और उत्तर रटवाए थे। इसके ठीक बाद मुख्य नीट परीक्षा में हूबहू वही सवाल आए। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद अब सीबीआई की जांच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंच गई है।
टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए फैला जाल
सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, कुलकर्णी और मंदारे की गिरफ्तारी के बाद नीट परीक्षा का पेपर पुणे, नासिक और गुरुग्राम होते हुए जयपुर तक पहुंचने और फिर वहां से टेलीग्राम व व्हाट्सएप चैनल तक पहुंचने की पूरी कड़ियां जुड़ गई हैं। इस साजिश में शामिल लगभग सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अब जांच एजेंसी इस मुख्य बिंदु पर टिकी है कि कुलकर्णी और मंदारे को यह गोपनीय पेपर आखिर किसने सौंपे थे? क्योंकि एनटीए में केवल कुछ शीर्ष अधिकारियों के पास ही अंतिम प्रश्नपत्र की जानकारी और कस्टडी होती है। इसलिए अब सीबीआई के निशाने पर एनटीए के बड़े अधिकारी आ गए हैं। इस जांच के दायरे में सीबीएसई, जेईई और नीट समेत तमाम बड़ी परीक्षाओं के टॉप लेवल मैनेजमेंट को भी रखा जा सकता है।
पेपर कमेटी में कैसे शामिल हुए कुलकर्णी और मंदारे?
सीबीआई अब इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि प्रश्नपत्र सिर्फ कुलकर्णी और मंदारे के जरिए ही लीक हुए या फिर इन दोनों को जांच एजेंसी को गुमराह करने के लिए मोहरा बनाया गया है। जांच टीम को एक और इनपुट मिला है कि पुणे, लातूर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में पढ़ाने वाले कुलकर्णी और मंदारे को आखिर किसके कहने पर प्रश्नपत्र तैयार करने वाली बेहद गोपनीय कमेटी में शामिल किया गया था।
आमतौर पर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए पूरे देश से योग्य शिक्षकों का एक पैनल बनाने का एक कड़ा प्रोटोकॉल होता है। लेकिन कुलकर्णी और मंदारे के पास केमिस्ट्री और बायोलॉजी के सारे असली प्रश्न पहले से मौजूद थे, जिन्हें इन दोनों ने मिलकर मनीषा बायमारे के घर पर छात्रों को परीक्षा से पहले ही लीक कर दिया था।


Leave a Reply