25 अप्रैल 2026
भोपाल:
मध्य प्रदेश में अब घर की छत से बिजली और कमाई दोनों होगी। प्रदेश सरकार ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने बताया कि राज्य के 6 लाख घरों को सोलर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
सबसे खास बात यह है कि अब सोलर प्लांट लगवाने की प्रक्रिया को बहुत आसान और सस्ता बना दिया गया है। पहले वेंडर्स और ऊर्जा विभाग के बीच कागजी कार्यवाही में काफी समय और पैसा लगता था। अब इसे बदलकर पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है। मध्य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने इसके लिए जरूरी आदेश भी जारी कर दिए हैं।
डिजिटल एग्रीमेंट होने से न केवल कागजी झंझट खत्म होगा, बल्कि रजिस्ट्रेशन, मीटर जांच और इंस्टॉलेशन शुल्क में भी कमी आएगी। इसका सीधा फायदा आम जनता को मिलेगा क्योंकि अब उनके लिए सोलर प्लांट लगवाने की लागत पहले के मुकाबले कम हो जाएगी।
सरकार का उद्देश्य है कि लोग अपनी खाली छतों का इस्तेमाल करें और बिजली के भारी भरकम बिलों से छुटकारा पाएं। इस योजना के तहत 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलने का प्रावधान है और अगर आपके घर में बिजली ज्यादा बनती है, तो आप उसे ग्रिड को वापस बेचकर पैसे भी कमा सकते हैं। डिजिटल प्रणाली लागू होने के बाद अब प्रदेश में सोलर प्लांट लगाने का काम और भी तेजी से पकड़ेगा।
सरकार का मानना है कि इस कदम से न केवल मध्य प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि लोगों की आर्थिक बचत भी होगी। जल्द ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों में इस योजना की रफ्तार बढ़ाई जाएगी।


Leave a Reply