अहमदाबाद में शुरू हुआ पेट क्रेमेटोरियम, पालतू कुत्तों को मिल रही सम्मानजनक विदाई
संवाददाता
23 March 2026
अपडेटेड: 6:48 PM 0rdGMT+0530
23 मार्च 2026
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद शहर में पालतू कुत्तों के लिए बनाए गए पेट क्रेमेटोरियम (श्मशान गृह) ने लोगों का ध्यान खींचा है। पिछले महीने शुरू हुई यह सुविधा अब सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रही, बल्कि राजकोट, उदयपुर समेत अन्य शहरों से भी लोग अपने पालतू जानवरों के अंतिम संस्कार के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
नगर निगम द्वारा दाणीलीमड़ा क्षेत्र में स्थापित यह गुजरात का पहला पेट क्रेमेटोरियम है, जहां पालतू कुत्तों को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी जा रही है।
न्यूसेंस कंट्रोल विभाग के अनुसार अब तक यहां 100 से अधिक कुत्तों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। खास बात यह है कि पालतू पशु के मालिक घर बैठे सीसीटीवी के माध्यम से पूरे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया देख सकते हैं और बाद में उन्हें अस्थियां भी सौंप दी जाती हैं।
नगर निगम की योजना है कि शहर में ऐसे दो और श्मशान गृह शुरू किए जाएं। वहीं, जानकारी के अनुसार अमेरिका में पहले से ही लगभग 1000 पेट क्रेमेटोरियम संचालित हैं।
यह पहल पालतू जानवरों के प्रति बढ़ती संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दर्शाती है।