28 मई 2026
भोपाल:
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और उसके आस-पास के इलाकों में साइबर अपराधियों का हौसला लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों के भीतर पुलिस ने जालसाजी और धोखाधड़ी के पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। ठगों ने नई-नई तकनीकों और झांसों का इस्तेमाल करके मासूम लोगों के बैंक खातों से कुल 16 लाख 37 हजार 166 रुपये उड़ा लिए हैं। इन सभी मामलों की शुरुआती जांच भोपाल साइबर क्राइम पुलिस द्वारा की गई थी, जिसके बाद अब संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने भोपाल शहर के दो थानों में चार और भोपाल देहात के बैरसिया थाने में एक मामला दर्ज किया है।
महिला किसान का मोबाइल हैक कर खाता किया खाली
जालसाजी का एक बड़ा मामला बैरसिया थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहाँ ग्राम डेकपुर की रहने वाली 45 वर्षीय सुनीता यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका परिवार खेती-किसानी करता है। सुनीता यादव अपनी फसल बेचने के बाद पैसे जमा करने पंजाब एंड सिंध बैंक गई थीं। इसके बाद 21 मई को उनके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले शख्स ने उन्हें बातों में फंसाकर मोबाइल में एक एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करवा दी। जैसे ही उन्होंने फाइल डाउनलोड की, ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर लिया और उनके खाते से 2 लाख 98 हजार रुपये से ज्यादा की रकम गायब कर दी।
क्रेडिट कार्ड हैक और झांसा देकर ठगी
दूसरा मामला शाहजहानाबाद पुलिस थाने का है। यहाँ संजय नगर में रहने वाले 45 वर्षीय विवेक कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि जालसाजों ने उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का क्रेडिट कार्ड हैक कर लिया और उनके खाते से 31 हजार 266 रुपये निकाल लिए।
इसी थाने में एक और मामला शबाना शहाब ने दर्ज कराया है। जालसाजों ने उन्हें अपने जाल में फंसाकर उनके खाते से 4 लाख 36 हजार रुपये से भी ज्यादा की रकम ऐंठ ली।
दुगने मुनाफे का लालच देकर लाखों की चपत
बाकी के दो मामले स्टेशन बजरिया थाना पुलिस ने दर्ज किए हैं, जहाँ पीड़ितों को निवेश के नाम पर चूना लगाया गया। पहली शिकायत द्वारिका नगर के रहने वाले 36 वर्षीय राहुल विश्वकर्मा ने दर्ज कराई है। राहुल को ‘पिनप ट्रेडिंग कंपनी’ में पैसे लगाने और निवेश पर दुगना लाभ मिलने का लालच दिया गया था। इस झांसे में आकर उन्होंने 1 लाख 21 हजार रुपये से ज्यादा की रकम गंवा दी।
दूसरा मामला सेमरा स्थित दुर्गा नगर के रहने वाले 46 वर्षीय सुनील कुमार सूर्यवंशी का है। सुनील कुमार को फरवरी 2026 में एक कथित निवेश कंपनी से जोड़ा गया था। ठगों ने उन्हें भी निवेश पर दोगुना मुनाफा कमाने का लालच दिया। मुनाफे के चक्कर में आकर सुनील कुमार ने कई किस्तों में कुल 7.5 लाख (साढ़े सात लाख) रुपये जालसाजों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। पुलिस अब इन सभी मामलों में केस दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
भोपाल में साइबर अपराधियों का आतंक, नई तकनीक का झांसा देकर 24 घंटे में पांच लोगों से ठगे 16 लाख से ज्यादा रुपये

TAGS:

Leave a Reply