28 जुलाई 2026 :
मध्य प्रदेश/ उज्जैन
उज्जैन के दादू आश्रम  सदावल रोड से जुड़े महामंडलेश्वर ज्ञानदास के खिलाफ एक महिला ने बलात्कार, मारपीट, धमकी और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाया है और  पुलिस में शिकायत दर्ज कराई  है। महिला का आरोप है कि 10 दिन बाद भी पुलिस ने एफआइआर नहीं की।
उसने गृह मंत्री, डीजीपी, आइजी और एसपी को भी शिकायत भेजी है। महिला की शिकायत के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले महिला की मुलाकात दत्त अखाड़ा आश्रम में महामंडलेश्वर ज्ञानदास से हुई थी। वह सामाजिक गतिविधियों से जुड़ गई।उसे वेतन देने का भी भरोसा दिलाया गया ।  

महिला ने आरोप लगाया कि 2025 की गुरु पूर्णिमा पर वह भाई के साथ आश्रम पहुंची। सुबह से रात तक आश्रम में रहने के बाद जब घर लौटने की बात कही तो महामंडलेश्वर ने उसे आश्रम में रुकने को कहा  और उसके भाई को घर जाने को कहा । उसके साथ दो अन्य महिलाओं को भी रुकने को कहा । रात में उसे खीर खिलाई गई । आरोप है कि खीर में नशीला पदार्थ मिलाया गया ,उसी रात गलत हरकत की गई । विरोध करने पर चुप रहने का दबाव बनाया। मेरे साथ मारपीट भी की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास ने कहा है महिला एक साल से हमें ब्लैकमेल कर रही है। यह मुझे बदनाम करने की साजिश है। फिलहाल मामला जांच में है।

उज्जैन के महाकाल थाना के टीआई गगन बादल का कहना है कि महिला ने बलात्कार, वीडियो बनाने, मारपीट और मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महामंडलेश्वर ने महिला के खिलाफ ब्लैकमेल करने की शिकायत की है।  सभी शिकायतों की जांच जारी है।

Share