Share

देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित एक होटल में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। मरने वालों में 11 विदेशी नागरिक भी बताए जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

चंद मिनटों में धुआं-धुआं हो गई पूरी इमारत
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:48 बजे मालवीय नगर के ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ होटल में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। देखते ही देखते आग और दमघोंटू धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग होटल के निचले हिस्से से शुरू हुई थी और कुछ ही मिनटों में ऊपर तक फैल गई। होटल के कमरों में धुआं भरने के कारण लोग वहां फंस गए और घबराकर कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से नीचे छलांग लगा दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 8 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत और बचाव कार्य के दौरान 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि कई घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

नियमों की धज्जियां उड़ीं: न वेंटिलेशन था, न पर्याप्त सीढ़ियां
आग बुझने के बाद जब अधिकारियों ने होटल की जांच की, तो सुरक्षा को लेकर कई बड़ी लापरवाहियां और कमियां सामने आईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिलाष कुमार मलिक ने बताया कि बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पांच मंजिला इस पूरी इमारत में आने-जाने के लिए केवल एक ही सीढ़ी और एक लिफ्ट थी। सबसे बड़ी बात यह कि भवन में हवा और धुएं के निकास के लिए पर्याप्त वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था नहीं थी।

अस्पताल में कई लोग वेंटिलेटर पर, मालिक गिरफ्तार
मैक्स हेल्थकेयर के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप बुद्धिराजा के अनुसार, अस्पताल में भर्ती अधिकांश मरीज आग से झुलसने के कारण नहीं, बल्कि जहरीले धुएं के कारण गंभीर हुए हैं। धुएं से उनके फेफड़ों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण आठ मरीज वेंटिलेटर पर हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों को मुख्य रूप से तीन तरह की चोटें आई हैं – धुएं से फेफड़ों की क्षति, आग से जलने के घाव और ऊंचाई से कूदने के कारण हड्डियों में फ्रैक्चर। इस मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने होटल कारोबारी और मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मालवीय नगर में आग की यह घटना अत्यंत दुखद है और उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताया है और प्रशासन राहत कार्यों में मुस्तैदी से जुटा हुआ है।


Share